‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर बवाल क्यों?रिलीज से पहले भड़का यादव समाज,देशभर में विरोध की चेतावनी...
Jabalpur।जबलपुर में रिलीज से पहले ही फिल्म‘यादव जी की लव स्टोरी’को लेकर विवाद तेज हो गया है। फिल्म के टाइटल और कथित कहानी को लेकर यादव समाज ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है और निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग उठाई है।
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के युवा अध्यक्ष शशांक यादव के नेतृत्व में समाज के लोगों ने इस फिल्म को लेकर नाराज़गी जताई।उनका कहना है कि फिल्म के प्रचार के तरीके और विषयवस्तु को जिस तरह प्रस्तुत किया जा रहा है,उससे समाज की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
विरोध कर रहे लोगों का आरोप है कि फिल्म की कहानी को एक संवेदनशील सामाजिक मुद्दे से जोड़कर प्रचारित किया जा रहा है, जिससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। इस कारण समाज के कई संगठनों ने एकजुट होकर फिल्म के खिलाफ आवाज उठाई है।
राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
यादव समाज के प्रतिनिधियों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गई हैं:
फिल्म के निर्माता और निर्देशक पर FIR दर्ज की जाए
फिल्म का नाम बदला जाए
रिलीज से पहले फिल्म की सामग्री की जांच कराई जाए
27 फरवरी से पहले कार्रवाई नहीं हुई तो देशभर में विरोध
समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 27 फरवरी से पहले प्रशासन ने कोई निर्णय नहीं लिया,तो यादव समाज देशभर में सिनेमाघरों में जाकर विरोध प्रदर्शन कर सकता है।
फिलहाल यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया है और प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

