National News/Health News/Crime & Administration
इलाज में लापरवाही पर भड़के जवान:कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंची ITBP टीम,स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल?
सैनिक की मां का हाथ कटने के बाद बढ़ा विवाद
उत्तर प्रदेश।कानपुर में इलाज में कथित लापरवाही का मामला अब बड़ा प्रशासनिक मुद्दा बन गया है।आईटीबीपी के एक जवान की मां का हाथ काटे जाने के बाद परिवार ने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कार्रवाई से असंतुष्ट जवानों ने शनिवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया।पुलिस कमिश्नरेट परिसर बना छावनी जैसा
घटना उस समय सुर्खियों में आ गई जब बड़ी संख्या में आईटीबीपी जवान और अधिकारी कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पहुंच गए।अचानक भारी संख्या में सुरक्षाबलों की मौजूदगी से पूरे परिसर में हलचल मच गई और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार आईटीबीपी कांस्टेबल विकास सिंह की मां का इलाज एक अस्पताल में चल रहा था।आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही और गलत उपचार के चलते उनकी स्थिति बिगड़ गई,जिसके बाद हाथ काटना पड़ा।
जांच रिपोर्ट पर उठे सवाल?
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट से पीड़ित परिवार संतुष्ट नहीं है।जवानों का कहना है कि रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को नजरअंदाज किया गया है और दोषियों को बचाने की कोशिश की गई है।
इसी नाराजगी के चलते आईटीबीपी के कमांडेंट गौरव प्रसाद और अन्य अधिकारियों ने पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग रखी।
दोबारा जांच के निर्देश
करीब एक घंटे चली बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था डॉ.विपिन ताडा भी मौजूद रहे।अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग से दोबारा जांच कराने की बात कही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिन बिंदुओं पर आपत्ति जताई गई है,उनकी अलग से समीक्षा होगी और यदि जांच में किसी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल?
इस पूरे मामले ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। देश की सुरक्षा में लगे जवानों के परिवार यदि न्याय के लिए भटकने को मजबूर हों, तो यह व्यवस्था की संवेदनशीलता पर बड़ा सवाल माना जा रहा है।
कानपुर की यह घटना अब सोशल मीडिया और प्रशासनिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

