Crime News|Uttar Pradesh|Breaking News
चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात!लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस से महिला का शव बरामद...
सफाई के दौरान सीट के नीचे मिला संदिग्ध सामान,जांच में सामने आई दिल दहला देने वाली सच्चाई
लखनऊ।उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस वक्त सनसनी फैल गई जब गोमती नगर रेलवे स्टेशन पर खड़ी लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस के स्लीपर कोच से एक महिला का शव बरामद हुआ।घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में दहशत फैल गई।जानकारी के मुताबिक ट्रेन की नियमित सफाई के दौरान कर्मचारियों की नजर सीट के नीचे रखे एक संदिग्ध बैग और बॉक्स पर पड़ी।शक होने पर जब उसे खोला गया तो अंदर महिला का शव छिपा मिला। यह दृश्य देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
हत्या कर शव छिपाने की आशंका
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला की बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि शव करीब दो दिन पुराना हो सकता है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
CCTV और यात्रियों की सूची खंगाल रही पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए GRP और RPF ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है।रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदिग्ध सामान ट्रेन में कौन छोड़कर गया।
इसके अलावा ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सूची और यात्रा रूट की भी जांच की जा रही है।
रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। यात्रियों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद किसी को भनक तक नहीं लगी, जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल पैदा करता है।
फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान और हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है। रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

