Crime News|Madhya Pradesh|Indore News
इंदौर में कथित ब्लैकमेलिंग केस से मचा हड़कंप,कारोबारी से करोड़ों मांगने का आरोप...
क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई,महिला सहित कई लोगों से पूछताछ जारी
इंदौर।मध्यप्रदेश में एक बार फिर चर्चित हनी ट्रैप जैसा मामला सुर्खियों में आ गया है।इंदौर क्राइम ब्रांच ने कथित ब्लैकमेलिंग और उगाही से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है।आरोप है कि एक कारोबारी को निजी फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर भारी रकम की मांग की गई थी।सूत्रों के अनुसार मामले में एक महिला,उसका बेटा,एक प्रॉपर्टी कारोबारी और इंटेलिजेंस विंग से जुड़े एक प्रधान आरक्षक से पूछताछ की जा रही है।
कारोबारी से करोड़ों रुपये मांगने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि शराब कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति को कथित तौर पर निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बदले बड़ी रकम की डिमांड की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने डिजिटल साक्ष्य और आर्थिक लेनदेन की भी जांच शुरू कर दी है।
भोपाल से हिरासत में लेकर इंदौर लाई गई महिला
जानकारी के मुताबिक सोमवार शाम भोपाल के मीनाल रेजिडेंसी इलाके से एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए इंदौर लाया गया। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
पहले भी सुर्खियों में रह चुका है मामला
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में सामने आए बहुचर्चित मध्यप्रदेश हनी ट्रैप प्रकरण में भी इसी महिला का नाम चर्चाओं में आया था। उस मामले में कई नेताओं और अधिकारियों को कथित तौर पर ब्लैकमेल किए जाने के आरोप लगे थे।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और जुड़े लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

