India News/Accident News/Breaking News
गर्मी की रात बनी मौत की रात:बाराबंकी में बेकाबू डंपर ने सोते परिवार को रौंदा,पिता और तीन मासूमों की दर्दनाक मौत...
बिजली कटौती और उमस ने परिवार को घर से बाहर सोने पर किया मजबूर
उ.प्र।उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है,जहां भीषण गर्मी और बिजली संकट के बीच सड़क किनारे सो रहे एक परिवार पर तेज रफ्तार डंपर मौत बनकर टूट पड़ा।हादसे में पिता सहित तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।आधी रात को बेकाबू हुआ डंपर,परिवार पर चढ़ा
यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग के झांसा गांव में शनिवार देर रात हुआ।जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय नीरज अपनी पत्नी आरती और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे।इलाके में बिजली गुल होने और तेज उमस के कारण परिवार खुले में सोने को मजबूर था।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे परिवार के ऊपर चढ़ गया।हादसा इतना भयावह था कि नीरज और उनके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
चीख-पुकार से गूंज उठा गांव,महिला की हालत गंभीर
दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल आरती को अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य बेहद दर्दनाक था।ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।
ग्रामीणों में आक्रोश,भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग
घटना के बाद गांव के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनी हुई है।लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रात्रि में डंपर और भारी वाहनों की निगरानी बढ़ाई जाए तथा स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पुलिस ने डंपर जब्त कर जांच शुरू की
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि चालक की तलाश की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा,बिजली संकट और भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

