फर्जी दस्तावेज बनाकर झूठी शिकायत करने पर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन अध्यक्ष सुभाष चंद्रा पर FIR....
जबलपुर।दस्तावेजों की कूटरचना कर शासन और प्रशासन को गुमराह करने के गंभीर आरोप में सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्रा के खिलाफ थाना ओमती में एफआईआर दर्ज की गई है।पुलिस विवेचना में आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका दुरुपयोग किया जाना सामने आया है।जानकारी के अनुसार,सुभाष चंद्रा पिता स्व.छेदीलाल,उम्र 75 वर्ष,निवासी पी-46 जवाहर नगर,आधारताल,जबलपुर द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन(NHM)जबलपुर के अधिकारी विजय पाण्डेय,तत्कालीन जिला कार्यक्रम प्रबंधक,को पद से हटाने और उनकी छवि धूमिल करने के उद्देश्य से कथित रूप से 10+2 की अंकसूची के सत्यापन से जुड़े फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।
आरोप है कि इन कूटरचित दस्तावेजों को मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल एवं कलेक्टर जबलपुर को शिकायत के साथ संलग्न कर यह दावा किया गया कि विजय पाण्डेय की शैक्षणिक मार्कशीट फर्जी है तथा उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।
मामले की जांच के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जबलपुर द्वारा थाना प्रभारी ओमती को सूचना दी गई, जिसके बाद दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि हेतु मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड,भोपाल से पत्राचार किया गया।
बोर्ड द्वारा स्पष्ट किया गया कि शिकायत के साथ संलग्न सत्यापन पत्र कूटरचित है।
संपूर्ण जांच में यह पाया गया कि आरोपी सुभाष चंद्रा द्वारा विजय पाण्डेय की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से फर्जी सत्यापन पत्र का निर्माण कर उसका दुरुपयोग किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4) एवं 340(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
फिलहाल अभियुक्त की गिरफ्तारी की कार्रवाई जारी है।

