Jabalpur News | MP News | Protest News
जबलपुर में गौशाला पर बवाल:ग्रामीणों-आदिवासियों ने खोला मोर्चा,संचालकों को हटाने SDM से लगाई गुहार...
Jabalpur News:जबलपुर में नर्मदा गौशाला को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड क्रमांक 74 गुरदा क्षेत्र के ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गौशाला प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए संचालकों को तत्काल हटाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में मवेशियों की हालत बेहद खराब है। पशुओं को समय पर चारा-पानी नहीं दिया जा रहा और देखरेख में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
संचालकों पर अभद्रता और दबंगई के आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि गौशाला संचालिका प्रीति पटेल और सहयोगी राहुल पटेल स्थानीय लोगों से दुर्व्यवहार करते हैं। कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासी परिवारों के बच्चों के साथ मारपीट की गई और डराने-धमकाने की कोशिश की गई, जिससे इलाके में आक्रोश बढ़ गया है।
SDM को सौंपा ज्ञापन,कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि गौशाला की निष्पक्ष जांच कराई जाए, पशुओं की स्थिति सुधारी जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रशासन ने लिया संज्ञान
तहसील कार्यालय पहुंचे अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। अब प्रशासनिक कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

