अवैध स्क्रैप कारोबार पर बड़ी कार्रवाई,गैराज मालिक पर केस दर्ज,50 लाख का सामान जब्त...
जबलपुर।शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गैराज पर दबिश दी।यहां बिना किसी वैध अनुमति के ट्रक और कारों को काटकर स्क्रैप के रूप में बेचने का अवैध कारोबार चलाया जा रहा था।पुलिस ने मौके से करीब 50 लाख रुपये कीमत के वाहन,स्क्रैप पार्ट्स और उपकरण जब्त किए हैं।पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह,नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव और डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि खजरी खिरिया स्थित एक गैराज में आतिफ अली नामक व्यक्ति ट्रक और कारों को काटकर स्क्रैप में बदलकर बेचने की तैयारी कर रहा है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा।
जांच के दौरान एक ट्रक को काटकर स्क्रैप बनाया जा रहा था, जबकि कई अन्य वाहन और स्क्रैप से भरे ट्रक भी मौके पर मिले।पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज और स्क्रैप करने की अनुमति मांगी,लेकिन गैराज मालिक कोई वैध लाइसेंस या अनुमति नहीं दिखा सका।
ये सामान हुआ जब्त
पुलिस ने मौके से कई वाहन और स्क्रैप सामग्री जब्त की, जिनमें शामिल हैं:
.आधा कटा हुआ ट्रक
.स्क्रैप से भरे ट्रक
.कई कारें और उनके पार्ट्स
.कटिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन सिलेंडर
.इंजन और अन्य धातु सामग्री
जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने गैराज मालिक आतिफ अली(25 वर्ष),निवासी छोटी ओमती के खिलाफ थाना अधारताल में मामला दर्ज किया है। उस पर बीएनएस की धारा 318(1),61(2) और मोटर वाहन कराधान अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अधारताल प्रवीण कुमरे और थाना प्रभारी अपराध शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और थाना अधारताल की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।

