Jabalpur News:सिहोरा में मंदिर के पास विवाद के बाद बवाल,भारी पुलिस फोर्स तैनात,15 से ज्यादा लोग हिरासत में...

सिहोरा में मंदिर के पास विवाद के बाद बवाल,भारी पुलिस फोर्स तैनात,15 से ज्यादा लोग हिरासत में...

जबलपुर(सिहोरा)।जबलपुर जिले के सिहोरा क्षेत्र में एक धार्मिक स्थल के पास हुए विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार दुर्गा मंदिर में आरती के दौरान हुए विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और इलाके में पत्थरबाजी की घटना सामने आई।स्थिति बिगड़ने पर प्रशासन ने तत्काल भारी पुलिस बल तैनात कर हालात पर नियंत्रण पाया।

बताया जा रहा है कि घटना वार्ड नंबर 5,आजाद चौक इलाके की है, जहां दुर्गा मंदिर के सामने एक मस्जिद स्थित है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मंदिर में आरती के समय बज रहे लाउडस्पीकर की आवाज को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई,जो बाद में विवाद में बदल गई।इसी दौरान कुछ उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना सामने आई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर आ गए।हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ।

मौके पर जबलपुर रेंज के आईजी,डीआईजी,कलेक्टर और एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार अब तक दो दर्जन से अधिक संदिग्ध उपद्रवियों की पहचान की गई है,जिनमें से 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।इसके अलावा घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और कुछ वाहनों को भी जब्त किया गया है।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस लगातार गश्त कर रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे