मानता का कार्यक्रम रोकने गई डायल 100 पर किया पथराव.....
मंदसौर ज़िले के गरोठ थाना क्षेत्र में लॉकडाउन के दौरान बगैर अनुमति के चल रहे मानता के कार्यक्रम को रोकने गई डायल 100 पुलिस टीम पर मानता(मन्नत) कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पथराव कर दिया। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। बिगड़ते माहौल की जानकारी लगते ही गरोठ थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को कंट्रोल में किया। पुलिस ने घटना में शामिल 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
गरोठ पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम को कछालिया रोड पर धारा 144 का उल्लंघन कर लगभग 200 लोग एक खेत में पार्टी मना रहे थे। मानता कार्यक्रम में भीड़ होने की सूचना पर गरोठ पुलिस मौके पर पहुंची और पार्टी में शामिल लोगों को समझाइश दे रही थी उसी दौरान नशे में धुत कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर डायल 100 के कांच फोड़ दिए।पथराव में 2 पुलिसकर्मी जिनमें एक एएसआई अर्जुन सिंह एवं आरक्षक पंकज कुमावत घायल हो गए।बाद में गरोठ पुलिस ने 11 लोगों को हिरासत में लेकर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।