Jabalpur News / Health News / Employee Protest / Madhya Pradesh News
स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल से बढ़ी परेशानी,दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर कामबंद आंदोलन...
जबलपुर।जिले के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों ने लंबित वेतन और अन्य वित्तीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग के कई प्रशासनिक और तकनीकी कार्य प्रभावित होने लगे हैं।मध्य प्रदेश संविदा स्वास्थ्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ के बैनर तले कंप्यूटर ऑपरेटर और सपोर्ट स्टाफ कर्मचारियों ने जिला स्वास्थ्य कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि मार्च माह का भुगतान जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद मिला था, लेकिन अप्रैल और मई का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया।
वेतन के साथ पीएफ और ईएसआईसी का भी मुद्दा
कर्मचारियों का आरोप है कि केवल वेतन ही नहीं,बल्कि पिछले छह महीनों से पीएफ की राशि भी जमा नहीं की गई है। इसके अलावा एक वर्ष से ईएसआईसी सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ नहीं मिल पा रहा।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि एनएचएम के दिशा-निर्देशों के अनुसार देय एरियर और अनुभव प्रमाण पत्र भी लंबे समय से लंबित हैं। कर्मचारियों ने इन सभी मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है असर
जिला स्वास्थ्य कार्यालय में कंप्यूटर आधारित कार्य, डेटा एंट्री, रिपोर्टिंग और कई प्रशासनिक प्रक्रियाएं आउटसोर्स कर्मचारियों के भरोसे संचालित होती हैं। ऐसे में हड़ताल लंबी खिंचने पर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
प्रशासन से समाधान की उम्मीद
हड़ताली कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर लंबित वेतन, पीएफ, ईएसआईसी और अन्य मांगों का निराकरण करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

