Jabalpur Crime|जबलपुर क्राइम:चोरी की नीयत से घुसा,पहचान उजागर होने के डर से कर दी हत्या...

Crime News/Jabalpur Crime/Madhya Pradesh Crime

जबलपुर क्राइम:चोरी की नीयत से घुसा,पहचान उजागर होने के डर से कर दी हत्या...

जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में हुई 75 वर्षीय महिला की अंधी हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी महिला के घर चोरी करने घुसा था,लेकिन वृद्धा ने उसे पहचान लिया।इसके बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए महिला पर जानलेवा हमला किया और फिर शव को घर के आंगन में बने कुएं में फेंक दिया।

मामला हनुमान नगर क्षेत्र का है,जहां अकेली रह रही 75 वर्षीय पुष्पा शर्मा का शव उनके घर के कुएं से बरामद हुआ था। घर के भीतर खून के निशान और संघर्ष के सबूत मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

चोरी की योजना पहले से थी तैयार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रामगोपाल मिश्रा उर्फ गोपाल(45)मृतका के परिवार को पहले से जानता था। उसे पता था कि महिला का बेटा गांव गया हुआ है और वह घर में अकेली हैं।इसी जानकारी का फायदा उठाकर वह देर रात चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुआ।

आरोपी अलमारी खंगाल रहा था,तभी वृद्धा वहां पहुंच गईं और उसे पहचान लिया।महिला के शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने हमला कर दिया।

मारपीट के बाद जेवर लूटे,फिर कुएं में फेंका

जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला के सिर और चेहरे पर कई वार किए।इसके बाद उनके गले से मंगलसूत्र और पैरों से पायल उतार ली।वारदात के बाद उसने घायल महिला को घसीटकर घर के आंगन तक ले गया और कुएं में फेंक दिया, ताकि कोई सबूत न बचे।

एक सुराग ने खोला पूरा राज

पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि घटना वाली रात आरोपी को मृतका के घर के आसपास देखा गया था।इसी आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया और पूरी वारदात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए जेवर, घटना के समय पहने कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण सामान बरामद कर लिया है।

क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों,स्थानीय जानकारी और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मामले का खुलासा किया।आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे