Consumer Alert|सिंगरौली में गैस सप्लाई पर सवाल,महंगे दामों में सिलेंडर बेचने की शिकायतें तेज...

Madhya Pradesh News|Singrauli News| Consumer Alert

सिंगरौली में गैस सप्लाई पर सवाल,महंगे दामों में सिलेंडर बेचने की शिकायतें तेज...

घरेलू और कॉमर्शियल गैस को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ी चिंता,प्रशासन से कार्रवाई की मांग...

सिंगरौली।जिले में रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर हालात लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं।घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी के बीच कई इलाकों से मनमाने दामों पर सिलेंडर बेचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।उपभोक्ताओं का आरोप है कि जरूरत का फायदा उठाकर गैस सिलेंडर तय कीमत से कई गुना अधिक दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार घरेलू सिलेंडर 2500 रुपये तक और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 3600 रुपये तक में बेचे जाने की चर्चाएं हैं। इससे आम परिवारों के साथ छोटे कारोबारी भी परेशान हैं।

गैस की कमी ने बढ़ाई परेशानी

जानकारों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी का असर स्थानीय बाजारों पर भी पड़ रहा है। सप्लाई प्रभावित होने से कई क्षेत्रों में गैस की उपलब्धता कम हुई है, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं पर दिखाई दे रहा है।

इसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग अवैध तरीके से गैस सिलेंडर की बिक्री कर रहे हैं।

जरूरतमंदों को ज्यादा कीमत चुकाने की मजबूरी

सूत्रों के मुताबिक कई स्थानों पर गैस सिलेंडर खुले बाजार में नहीं बल्कि संपर्क के जरिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आरोप है कि ग्राहक की मजबूरी और तात्कालिक जरूरत देखकर कीमत तय की जा रही है।

ग्रामीण इलाकों और छोटे व्यवसाय संचालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। होटल, चाय दुकानों और ढाबा संचालकों ने भी गैस की ऊंची कीमतों को लेकर चिंता जताई है।

प्रशासनिक निगरानी पर उठ रहे सवाल?

लगातार शिकायतों के बावजूद खाद्य विभाग की सक्रियता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।लोगों का कहना है कि यदि नियमित निरीक्षण और निगरानी हो तो गैस की कालाबाजारी पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है।

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था की सख्ती से जांच की जाए और अवैध रूप से ऊंचे दामों में सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

उपभोक्ताओं ने मांगी राहत

लोगों का कहना है कि घरेलू जरूरत की चीजों पर इस तरह का दबाव आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने और उचित दरों पर सप्लाई बहाल कराने की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे