Jabalpur News|Crime News|Madhya Pradesh
जबलपुर में बुजुर्ग के सूने मकान में लाखों की चोरी,पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल?
85 वर्षीय पीड़ित ने एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार
जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर में चोरी की एक बड़ी वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।गौराबाजार थाना क्षेत्र के कजरवारा इलाके में 85 वर्षीय बुजुर्ग के सूने मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 17 से 18 लाख रुपये की चोरी कर ली। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोप है कि पुलिस जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिकों ने अब एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले में जल्द कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
अलमारी का ताला तोड़कर ले गए नगदी और जेवर
जानकारी के अनुसार कजरवारा पुरानी बस्ती निवासी कंदीलाल उपाध्याय के घर में चोरों ने उस समय धावा बोला जब मकान सूना था। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखी नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार का दावा है कि चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 17 से 18 लाख रुपये है।
10 मई को दर्ज हुई थी रिपोर्ट
घटना की शिकायत 10 मई को गौराबाजार थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि न तो किसी संदिग्ध से पूछताछ की गई और न ही मौके पर गंभीर जांच दिखाई दी।
सदमे में बुजुर्ग,रातों की नींद उड़ी
85 वर्षीय कंदीलाल उपाध्याय इस घटना के बाद गहरे मानसिक तनाव में बताए जा रहे हैं। परिजनों के अनुसार चोरी के बाद से वे लगातार परेशान हैं और ठीक से सो भी नहीं पा रहे।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
नागरिकों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की जा रही।
अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

