Education News|जबलपुर में बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर गरमाई सियासत,NSUI ने खोला मोर्चा...

Education News|Jabalpur News|Madhya Pradesh

जबलपुर में बिना मान्यता चल रहे स्कूलों पर गरमाई सियासत,NSUI ने खोला मोर्चा...

कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन,कहा- बच्चों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़

जबलपुर।शहर में कथित तौर पर बिना मान्यता संचालित निजी स्कूलों को लेकर अब छात्र राजनीति भी सक्रिय हो गई है। नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने ऐसे स्कूलों के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि जिले में बड़ी संख्या में स्कूल नियमों को दरकिनार कर संचालित किए जा रहे हैं।

“सैकड़ों स्कूल बिना वैध अनुमति के संचालित”

संगठन के पदाधिकारियों का दावा है कि जिले में संचालित कई निजी स्कूलों के पास आवश्यक शासकीय मान्यता नहीं है। इसके बावजूद ये स्कूल खुलेआम बच्चों का प्रवेश लेकर फीस वसूल रहे हैं।

एनएसयूआई नेता अनुराग शुक्ला ने कहा कि शिक्षा के नाम पर अभिभावकों से भारी रकम ली जा रही है,जबकि नियमों और गुणवत्ता की अनदेखी हो रही है।

छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि नर्सरी से लेकर प्राथमिक कक्षाओं तक के बच्चों को ऐसे संस्थानों में पढ़ाया जा रहा है,जहां मूलभूत मानकों की भी कमी है।

संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी निजी स्कूलों की मान्यता और दस्तावेजों की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन

एनएसयूआई ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन शहरभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे अवैध रूप से संचालित स्कूलों के खिलाफ जनजागरण अभियान भी चलाएंगे और जरूरत पड़ी तो स्कूलों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

अभिभावकों में भी बढ़ी चिंता

इस मुद्दे के सामने आने के बाद कई अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है।लोगों का कहना है कि बच्चों की शिक्षा और भविष्य को देखते हुए प्रशासन को निजी स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग करनी चाहिए,ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर रोक लगाई जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे