Jabalpur News | Civic News | Swachhata Survey | Madhya Pradesh
स्वच्छता सर्वेक्षण में जबलपुर की बड़ी तैयारी,महापौर अन्नू ने जनता से मांगा सकारात्मक फीडबैक..
रात 12 बजे तक सड़कों पर चल रही सफाई,देश के टॉप शहरों में शामिल होने का लक्ष्य...
जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर अब स्वच्छता के राष्ट्रीय मुकाबले में बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में जुट गया है।शहर में इन दिनों स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर नगर निगम द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम की टीमें दिन-रात मैदान में काम कर रही हैं,वहीं महापौर जगत बहादुर सिंह‘अन्नू’खुद व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।शहर की सड़कों,बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर मशीनों के जरिए लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है।देर रात तक सफाई मित्रों की टीम शहर को चमकाने में लगी हुई है ताकि जबलपुर राष्ट्रीय रैंकिंग में और बेहतर स्थान हासिल कर सके।
“जबलपुर को देश में नंबर वन बनाना लक्ष्य” — महापौर अन्नू
मीडिया से बातचीत के दौरान महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि नगर निगम लगातार बेहतर स्वच्छता व्यवस्था देने के लिए काम कर रहा है।उन्होंने बताया कि वर्तमान में जबलपुर मध्यप्रदेश में दूसरे और देश में छठे स्थान पर है,लेकिन अब लक्ष्य शीर्ष स्थान हासिल करना है।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा—
“स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य पूरे शहर में तेजी से चल रहा है।हमारा प्रयास है कि जबलपुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जाए।इसके लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।जब सर्वे टीम फीडबैक ले तो सकारात्मक प्रतिक्रिया जरूर दें।”
रात में भी जारी सफाई अभियान
नगर निगम द्वारा शहर में हाईटेक मशीनों और आधुनिक उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है।मुख्य मार्गों से लेकर कॉलोनियों तक सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अधिकारियों के अनुसार रात के समय ट्रैफिक कम होने के कारण बड़े पैमाने पर मशीनों से सफाई कराई जा रही है।
सफाई मित्रों की विशेष टीमों को अलग-अलग जोन में तैनात किया गया है,ताकि शहर के किसी भी हिस्से में गंदगी दिखाई न दे।
नागरिकों की भूमिका भी अहम
स्वच्छता सर्वेक्षण में केवल नगर निगम की मेहनत ही नहीं, बल्कि नागरिकों की भागीदारी भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।प्लास्टिक मुक्त शहर,कचरा पृथक्करण और सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने जैसे बिंदुओं पर जनता का व्यवहार भी रैंकिंग को प्रभावित करता है।
नगर निगम अब जनजागरूकता अभियान के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में जुटा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार जबलपुर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकता है।

