National News/Punjab News/Mystery News
26 साल बाद खुला दर्दनाक राज:भाखड़ा नहर से निकली वैन में मिले परिवार के अवशेष...
शादी से लौटते समय लापता हुआ था पूरा परिवार, अब सामने आई सिहराने वाली सच्चाई
पंजाब।पंजाब के रूपनगर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने 26 साल पुरानी यादों और दर्द को फिर जिंदा कर दिया।साल 2000 में रहस्यमय तरीके से गायब हुए एक परिवार की मारुति ओमनी वैन आखिरकार भाखड़ा नहर से बरामद कर ली गई।वैन के अंदर मिले मानव कंकाल, कपड़ों के अवशेष और बच्चे की यूनिफॉर्म ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।एक शादी से लौट रहा था परिवार,फिर अचानक गायब हो गए सभी
जानकारी के मुताबिक कोटला गांव निवासी मुन्नी लाल,तेज राम,सुरजीत सिंह और 8 वर्षीय मासूम कालू अक्टूबर 2000 में एक शादी समारोह से लौट रहे थे।सभी लोग नई खरीदी गई मारुति ओमनी वैन में सवार थे।लेकिन घर लौटते समय अचानक पूरा परिवार गायब हो गया।
कई दिनों तक रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने तलाश की,लेकिन न तो वैन का पता चला और न ही परिवार का।
परिवार ने तलाश में बेच दी थी जमीन तक
घटना के बाद परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभव कोशिश की। निजी गोताखोर बुलाए गए,नहर में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, यहां तक कि खोज अभियान के लिए परिवार ने अपनी जमीन और दुकान तक बेच दी।इसके बावजूद कोई सुराग नहीं मिला और मामला धीरे-धीरे रहस्य बनकर दब गया।
दूसरे अभियान के दौरान दिखी नहर में दबी पुरानी वैन
करीब 26 साल बाद यह रहस्य तब खुला जब स्थानीय गोताखोर कमलप्रीत सिंह सैनी एक अलग मामले में नहर की तलाशी ले रहे थे।इसी दौरान उन्हें पानी की गहराई में एक पुरानी जंग लगी वैन दिखाई दी।
ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से रस्सियों और ट्रैक्टर की सहायता से वैन को बाहर निकाला गया।
वैन के अंदर मिला मौत का मंजर
जब वाहन को बाहर निकाला गया तो उसके भीतर मानव कंकाल,पुराने कपड़ों के टुकड़े और बच्चे की स्कूल यूनिफॉर्म जैसी चीजें मिलीं।शुरुआती आशंका है कि रात के अंधेरे में वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरा था।
तेज बहाव और गहराई के कारण वाहन पूरी तरह पानी में दब गया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
26 साल बाद अपनों के अवशेष देखकर रो पड़े परिजन
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।वर्षों से अपनों के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजन अवशेष देखकर भावुक हो उठे।उनका कहना है कि उन्हें हमेशा भरोसा था कि एक दिन सच सामने जरूर आएगा,लेकिन यह सच इतना दर्दनाक होगा,इसकी कल्पना नहीं की थी।
डीएनए जांच के बाद होगी अंतिम पुष्टि
पुलिस ने बरामद अवशेषों और सामान को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है।अधिकारियों का कहना है कि कंकालों की पहचान वैज्ञानिक तरीके से डीएनए परीक्षण के बाद ही पूरी तरह सुनिश्चित हो सकेगी।
फिलहाल यह मामला पूरे पंजाब में चर्चा का विषय बना हुआ है और 26 साल पुराने इस रहस्य के खुलासे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

