Aviation News|उड़ान के बीच बिगड़ी तबीयत,जबलपुर में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग;यात्री की मौत...

Jabalpur News/Aviation News/Breaking News

उड़ान के बीच बिगड़ी तबीयत,जबलपुर में करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग;यात्री की मौत...

अहमदाबाद से रांची जा रही फ्लाइट में मचा हड़कंप

जबलपुर।अहमदाबाद से रांची जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एयरबस-320 फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब एक यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई।यात्री की हालत गंभीर होने पर विमान को तत्काल जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।हालांकि अस्पताल में इलाज के दौरान यात्री की मौत हो गई।

सांस लेने में तकलीफ के बाद लिया गया बड़ा फैसला

जानकारी के मुताबिक रांची निवासी सुधीर कुमार अपनी बहन के साथ अहमदाबाद से इलाज कराकर लौट रहे थे।बताया जा रहा है कि वह फेफड़ों से जुड़ी बीमारी से पीड़ित थे।उड़ान के दौरान जब विमान मध्यप्रदेश के ऊपर पहुंचा,तभी उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

स्थिति गंभीर होती देख विमान के पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और जबलपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

एयरपोर्ट पर मची हलचल,तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया

फ्लाइट के डुमना एयरपोर्ट पर उतरते ही एयरपोर्ट प्रशासन और एयरलाइन स्टाफ अलर्ट मोड पर आ गया।एम्बुलेंस की मदद से यात्री को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया,लेकिन देर रात इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

करीब 50 मिनट बाद रवाना हुई फ्लाइट

डुमना एयरपोर्ट के प्रभारी डायरेक्टर नीरज गुडवानी के अनुसार मरीज को अस्पताल भेजने की प्रक्रिया के दौरान विमान लगभग 50 मिनट तक एयरपोर्ट पर रुका रहा।इसके बाद बाकी यात्रियों को लेकर फ्लाइट रांची के लिए रवाना कर दी गई।

परिजन सड़क मार्ग से रवाना

घटना के बाद मृतक के परिजन गहरे सदमे में हैं।बताया जा रहा है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परिवार सड़क मार्ग से रांची के लिए रवाना हो गया।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे