Crime News/Jabalpur News/Madhya Pradesh News
जबलपुर में रहस्यमयी मौत से सनसनी:पलंग के नीचे मिला युवक का शव,गले में कसाव और पास पड़ा था चाकू...
धनवंतरी नगर के श्याम नगर में संदिग्ध हालात में मिला केयरटेकर का शव...
जबलपुर।धनवंतरी नगर स्थित श्याम नगर इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मकान में रह रहे युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ।मृतक की पहचान 28 वर्षीय सुरेंद्र उर्फ सिंघम के रूप में हुई है,जो पूर्व पार्षद राजू पटेल के मकान में केयरटेकर का काम करता था।घटना के बाद इलाके में दहशत और कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।भाई टिफिन देने पहुंचा तो खुला मौत का राज
जानकारी के अनुसार रोज की तरह सुबह मृतक का बड़ा भाई अरविंद टिफिन देने मकान पहुंचा था। घर का दरवाजा हल्का खुला देखकर उसे शक हुआ। जब वह अंदर गया तो सुरेंद्र का शव पलंग के नीचे पड़ा मिला। युवक के गले में गमछा कसा हुआ था और पास ही एक चाकू पड़ा मिला।
यह दृश्य देखकर अरविंद के होश उड़ गए।उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी,जिसके बाद मौके पर पुलिस और एफएसएल टीम पहुंची।
हत्या की आशंका,शरीर पर मिले संघर्ष के निशान
प्रारंभिक जांच में पुलिस को कई संदिग्ध तथ्य मिले हैं। मृतक की बाईं कलाई पर कट का निशान मिला है, जबकि गले पर दबाव और संघर्ष के संकेत दिखाई दिए हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और कमरे की बारीकी से जांच की गई है।
मौत से पहले हुई थी पार्टी,अब उन्हीं लोगों पर शक
परिजनों के मुताबिक सुरेंद्र चौराहे पर पान का टपरा चलाता था। बताया जा रहा है कि घटना से एक रात पहले कुछ युवक मकान की छत पर उसके साथ पार्टी कर रहे थे। पुलिस अब उन सभी लोगों की पहचान कर पूछताछ में जुट गई है।
साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की असली वजह और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इलाके में फैली दहशत,पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव
घटना के बाद श्याम नगर क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग इसे सुनियोजित हत्या मान रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
क्या यह मर्डर मिस्ट्री है या किसी साजिश का हिस्सा?
गले में बंधा गमछा, कमरे में पड़ा चाकू,संघर्ष के निशान और देर रात पार्टी…इन सभी बिंदुओं ने इस मौत को एक रहस्यमयी केस बना दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर सुरेंद्र उर्फ सिंघम की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है।

