Jabalpur News/Road Accident/Breaking News/Madhya Pradesh News
जबलपुर-अहमदाबाद हाईवे पर मौत बनकर दौड़ी बस: एंबुलेंस को मारी भीषण टक्कर,युवक की मौत,6 घायल...
खैरी गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा,मरीज को लेकर लौट रही एंबुलेंस के उड़े परखच्चे,घायलों में बस यात्री भी शामिल,पाटन पुलिस ने शुरू की जांच..
जबलपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। जबलपुर से अहमदाबाद जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने पाटन थाना क्षेत्र के खैरी गांव के पास मरीज लेकर लौट रही एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।इस दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार नोनी गांव निवासी सौरभ पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सौरभ अपने घायल भाई को लेने एंबुलेंस के साथ गया था और वापस लौटते समय यह हादसा हो गया।
एंबुलेंस के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। खैरी गांव के पास सामने से आ रही एंबुलेंस को बस चालक नियंत्रित नहीं कर सका और सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि बस में बैठे तीन यात्रियों को भी चोटें आई हैं। हालांकि बस यात्रियों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची,जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पाटन थाना प्रभारी गोपेंद्र सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ट्रैफिक व्यवस्था संभाली। बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे
जबलपुर-अहमदाबाद मार्ग पर पिछले कुछ समय से तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण नहीं होने से आए दिन जानलेवा दुर्घटनाएं हो रही हैं।
