Crime News|मदन महल में युवक के साथ मारपीट और चैन लूट का आरोप, थाने से निराश होकर एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित...

Crime News|Jabalpur News|Madhya Pradesh

मदन महल में युवक के साथ मारपीट और चैन लूट का आरोप,थाने से निराश होकर एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित...

“शिकायत करने गए तो कार्रवाई की जगह मिली धमकी”, पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप

जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर के मदन महल थाना क्षेत्र से कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है।कालीमठ इलाके में एक ऑटो चालक के साथ कथित मारपीट और सोने की चैन लूट की घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।पीड़ित का कहना है कि शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर उसकी बात सुनने के बजाय उसे ही धमकाया गया।

न्याय नहीं मिलने पर पीड़ित आज एसपी कार्यालय पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।

बीच सड़क पर हमला,सोने की चैन ले भागे आरोपी

जानकारी के अनुसार कालीमठ निवासी आनंद सिंह राजपूत 14 मई को अपने एक परिचित से ऑटो के काम को लेकर मिलने गए थे।इसी दौरान एक ऑटो में सवार होकर आए 4 से 5 युवकों ने कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि कुछ ही देर में आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और गले में पहनी करीब सवा तोले की सोने की चैन छीनकर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

बताया जा रहा है कि यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।पीड़ित ने दावा किया है कि फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां साफ दिखाई दे रही हैं।

“थाने में नहीं मिली सुनवाई”

आनंद सिंह राजपूत का आरोप है कि घटना के बाद जब वे मदन महल थाने पहुंचे,तो पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही डराने का प्रयास किया।

पीड़ित का कहना है कि लगातार अनदेखी के बाद मजबूर होकर उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत करनी पड़ी।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस मामले के सामने आने के बाद एक बार फिर स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई हो, तो अपराधियों के हौसले नहीं बढ़ेंगे।

फिलहाल पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे