Jabalpur Crime News/Local News/ Breaking News
क्रिकेट की गेंद बनी बवाल की वजह,9 वर्षीय खिलाड़ी पर कांच का गिलास फेंका,बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर चाकू से हमला...
जबलपुर के सुहागी क्षेत्र में खेल के दौरान हुआ खूनी विवाद,अवैध अतिक्रमण पर भी उठे सवाल
Jabalpur।जबलपुर के सुहागी संभाग क्षेत्र में क्रिकेट खेल रहे बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।आरोप है कि“चाय मंत्रालय”नाम से संचालित एक अवैध अतिक्रमणकारी दुकान के संचालक ने क्रिकेट खेल रहे 9 वर्षीय बालक खिलाड़ी ओम विश्वकर्मा पर कांच का गिलास फेंक दिया,जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घटना के बाद जब स्थानीय युवक जित्तु साहू मामले को शांत कराने और दुकानदार को समझाने पहुंचे,तब उन पर भी कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया गया।इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
कृषि विश्वविद्यालय और मंदिर के पास अवैध दुकान संचालन पर सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय और हनुमान मंदिर के बाजू में लंबे समय से“चाय मंत्रालय”नाम से अवैध रूप से दुकान संचालित की जा रही है। लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया यह अतिक्रमण खुलेआम प्रशासनिक व्यवस्था को चुनौती दे रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम के सुहागी संभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।उनका कहना है कि कई शिकायतों के बावजूद अवैध अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद क्षेत्र में बढ़ी नाराजगी
बालक पर हमला और बीच-बचाव करने वाले युवक पर चाकूबाजी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।रहवासियों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध कब्जों और असामाजिक गतिविधियों पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों की मांग –हटे अतिक्रमण,हो सख्त कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने मांग की है कि:
•अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए
•आरोपी दुकानदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो
•घायल बालक और युवक को न्याय मिले
•संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए
इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में कानून व्यवस्था और अवैध अतिक्रमण के मुद्दे को फिर चर्चा में ला दिया है।

