मध्यप्रदेश|जबलपुर|बड़ी खबर|बरगी हादसा
बरगी क्रूज हादसे पर सख्त हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव, उच्च स्तरीय जांच के आदेश,दोषियों पर होगी कार्रवाई...
जबलपुर,1 मई 2026।बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे के बाद मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने बड़ा फैसला लेते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि इस दुर्घटना के जिम्मेदार लोगों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को जबलपुर पहुंचे और सीधे बरगी बांध हादसा स्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
जान बचाने वाले श्रमिकों को 51-51 हजार रुपये सम्मान राशि
मुख्यमंत्री ने हादसे के दौरान क्रूज में सवार लोगों की जान बचाने के लिए पानी में उतरकर मदद करने वाले प्रत्येक श्रमिक को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में इन लोगों ने साहस और मानवता की मिसाल पेश की है।
मृतकों के परिवार को 4-4 लाख की सहायता
सरकार ने हादसे में मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
अब तक 28 लोगों को बचाया गया,9 शव बरामद
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि 9 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। राहत एवं सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
इन 3 बिंदुओं पर होगी जांच
सरकार द्वारा गठित जांच टीम निम्न बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करेगी—
•दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाना
•हादसे के समय की परिस्थितियों का विश्लेषण
•क्रूज संचालन से जुड़े नियमों,सुरक्षा मानकों और खामियों की जांच
भविष्य के लिए बनेगी नई SOP
मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार की जाएगी, ताकि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।
कई मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद
घटनास्थल पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा,मंत्री राकेश सिंह, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी,सांसद आशीष दुबे,विधायकगण,महापौर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

