National News:बाबा राम रहीम को फिर मिली 30 दिन की पैरोल,16वीं बार जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख...

National News/Politics/Crime News

बाबा राम रहीम को फिर मिली 30 दिन की पैरोल,16वीं बार जेल से बाहर आया डेरा प्रमुख...

रोहतक की सुनारिया जेल से सुबह निकला गुरमीत राम रहीम,विपक्ष ने फिर उठाए सवाल

रोहतक।साध्वियों से दुष्कर्म और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम एक बार फिर जेल से बाहर आ गया है।हरियाणा सरकार ने उसे 30 दिनों की पैरोल मंजूर की है।मंगलवार सुबह करीब 6:34 बजे वह रोहतक स्थित सुनारिया जेल से बाहर निकला। इस दौरान जेल परिसर के बाहर सामान्य सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली।

राम रहीम अगस्त 2017 से जेल में बंद है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामलों में अदालत सजा सुना चुकी है।इसके बावजूद बार-बार पैरोल मिलने को लेकर एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है।

16वीं बार मिली पैरोल या फरलो

जानकारी के मुताबिक यह 16वीं बार है जब गुरमीत राम रहीम को पैरोल या फरलो दी गई है।इससे पहले जनवरी 2026 में भी उसे 40 दिनों की पैरोल मिली थी।

लगातार पैरोल मिलने पर विपक्षी दलों और कई सामाजिक संगठनों ने सवाल उठाए हैं।आलोचकों का कहना है कि गंभीर अपराधों में सजा काट रहे कैदी को बार-बार राहत मिलना न्याय व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।

हालांकि हरियाणा प्रशासन का कहना है कि पैरोल जेल नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत ही दी जाती है।

दुष्कर्म और हत्या के मामलों में काट रहा सजा

सीबीआई की विशेष अदालत ने गुरमीत राम रहीम को दो साध्वियों से दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा सुनाई थी। इसके अलावा पत्रकार रामचंद्र छत्रपति हत्याकांड में भी उसे दोषी ठहराया जा चुका है।

इन मामलों के बाद देशभर में बड़ा विवाद खड़ा हुआ था और पंचकूला समेत कई क्षेत्रों में हिंसा भी भड़क गई थी।

राजनीतिक गलियारों में फिर तेज हुई चर्चा

राम रहीम को पैरोल मिलने का मामला हर बार राजनीतिक बहस का केंद्र बन जाता है।विपक्ष का आरोप है कि चुनावी माहौल या राजनीतिक समीकरणों के दौरान उसे राहत दी जाती है,जबकि सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।

सोशल मीडिया पर भी पैरोल को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर

राम रहीम के जेल से बाहर आने के बाद हरियाणा और पंजाब में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।प्रशासन की कोशिश है कि किसी भी तरह की भीड़ या विवाद की स्थिति पैदा न हो।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे