Crime News/Uttar Pradesh/Encounter News
दूल्हा हत्याकांड में बड़ा एक्शन:1 लाख का इनामी रवि यादव एनकाउंटर में ढेर...
बारात जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हत्या का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया
उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।1 मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हत्या के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को सोमवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया।यह कार्रवाई STF और जौनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने जौनपुर-वाराणसी हाईवे के पास की।मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई,जिसमें पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे SHO KK सिंह भी घायल हो गए।उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
1 मई को हुई थी दूल्हे की सनसनीखेज हत्या
गौरतलब है कि 1 मई को आजाद बिंद अपनी बारात लेकर जा रहे थे,तभी रास्ते में हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया था। इस वारदात में दूल्हे की मौके पर ही मौत हो गई थी।घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी और सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक मामला चर्चा में रहा।
हत्या के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया था और मुख्य आरोपी रवि यादव पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हाईवे पर STF और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह STF को रवि यादव की लोकेशन की सूचना मिली थी।इसके बाद जौनपुर पुलिस के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया।जैसे ही पुलिस टीम ने आरोपी को घेरने की कोशिश की,उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
मुठभेड़ स्थल से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पीड़ित परिवार ने बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग की
मृतक दूल्हे आजाद बिंद की बहन सौम्या ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें एनकाउंटर की जानकारी समाचार माध्यमों से मिली है और वे आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों — प्रदीप बिंद और भोले — के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को कानून के दायरे में नहीं लाया जाता,तब तक उन्हें पूर्ण न्याय नहीं मिलेगा।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
एनकाउंटर के बाद जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
यूपी में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान
उत्तर प्रदेश में हाल के वर्षों में पुलिस द्वारा इनामी और वांछित अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। जौनपुर का यह एनकाउंटर भी उसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है,जहां संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों पर तेजी से शिकंजा कसा जा रहा है।

