Jabalpur News:घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन का छापा,पनागर-बरेला में बड़ी कार्रवाई...

Jabalpur News/Administration Action

घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर प्रशासन का छापा,पनागर-बरेला में बड़ी कार्रवाई...

जबलपुर।शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। रविवार को पनागर और बरेला सहित जबलपुर की कई तहसीलों में खाद्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग सामने आया।

मनोज स्वीट्स सहित कई प्रतिष्ठानों पर दबिश

मीडिया से चर्चा करते हुए एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि अभियान के तहत पनागर क्षेत्र में प्रमुख रूप से तीन प्रतिष्ठानों पर जांच की गई, जिनमें मनोज स्वीट्स और जैन नामक व्यक्ति का प्रतिष्ठान भी शामिल है।

जांच के दौरान टीम ने अवैध रूप से उपयोग किए जा रहे घरेलू गैस सिलेंडरों को मौके से जब्त किया।

दुकानदारों को दिए गए दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश

प्रशासन ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को वैध पंजीकरण और दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि व्यवसायिक उपयोग के लिए गैस सिलेंडर का इस्तेमाल करने वाले सभी प्रतिष्ठानों को नियमों के अनुसार रजिस्ट्रेशन कराना और निर्धारित शुल्क जमा करना अनिवार्य है।

बरेला सहित अन्य क्षेत्रों में भी जारी रहेगी कार्रवाई

एसडीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि यह अभियान केवल पनागर तक सीमित नहीं रहेगा। सुबह बरेला क्षेत्र में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की गई और आगे भी जबलपुर के अन्य इलाकों में लगातार जांच अभियान जारी रहेगा।

प्रशासन की इस सख्ती के बाद घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करने वाले होटल और मिठाई दुकानों के संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे