Jabalpur News:पशु चिकित्सा महाविद्यालय में 48वीं इंटरनेशनल सर्जरी-रेडियोलॉजी कॉन्फ्रेंस,500 से ज्यादा विशेषज्ञ जुटेंगे...

पशु चिकित्सा महाविद्यालय में 48वीं इंटरनेशनल सर्जरी-रेडियोलॉजी कॉन्फ्रेंस,500 से ज्यादा विशेषज्ञ जुटेंगे...

जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर स्थित पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन महाविद्यालय में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय 48वीं वार्षिक सर्जरी एवं रेडियोलॉजी कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में पशु चिकित्सा क्षेत्र में हो रहे नवीन शोध, तकनीक और उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे।

कॉलेज के कुलगुरु डॉ. मनदीप शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी मंत्री लखन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं वेटरनरी काउंसिल ऑफ इंडिया (VCI) के अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।

देश-विदेश के वैज्ञानिक और छात्र लेंगे हिस्सा

इस महत्वपूर्ण सम्मेलन के लिए अब तक करीब 500 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद, पीजी-पीएचडी छात्र और पशुपालन उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हैं।

11 सत्रों में होगी गहन चर्चा

तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन को कुल 11 अलग-अलग सत्रों में विभाजित किया गया है। इन सत्रों में पशु चिकित्सा के कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी, जिनमें शामिल हैं:

•ऑर्थोपेडिक सर्जरी

•रूमिनेट सर्जरी

•नेत्र विज्ञान

•रेडियोलॉजी

•वन्यजीव सर्जरी

इसके अलावा कार्यक्रम में 8 प्रमुख विशेषज्ञ वक्ता अपने अनुभव और शोध प्रस्तुत करेंगे।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

कॉन्फ्रेंस के दौरान पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशेषज्ञों को ‘यंग साइंटिस्ट अवार्ड’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।

किसानों और पशुपालकों को मिलेगा फायदा

आयोजकों के अनुसार इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य पशु चिकित्सा और रेडियोलॉजी के क्षेत्र में हो रही प्रगति को सीधे किसानों और पशुपालकों तक पहुंचाना है। सम्मेलन में निकलने वाले सुझावों और निष्कर्षों को सरकार और नीति निर्माताओं तक भी पहुंचाया जाएगा, जिससे पशु चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे