शमशान घाट की जमीन पर पानी की टंकी निर्माण से बढ़ा विवाद,रविदास समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी...
जबलपुर। शहर के रविदास नगर (बाबा टोला) क्षेत्र में बच्चों के शमशान घाट की जमीन पर पानी की टंकी बनाए जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मुद्दे पर रविदास समाज के लोगों ने नगर निगम के खिलाफ कड़ा विरोध जताते हुए जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि जिस स्थान पर नगर निगम द्वारा पानी की टंकी का निर्माण किया जा रहा है, वह भूमि वर्षों से समाज के बच्चों के शमशान घाट के रूप में उपयोग में है और इसे उच्च न्यायालय द्वारा संरक्षित भूमि बताया गया है।
अधिवक्ता बालकिशन चौधरी के नेतृत्व में लगभग 500 से अधिक लोगों ने राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की। उनका आरोप है कि प्रशासन बिना समाज की सहमति के इस संवेदनशील स्थान पर निर्माण करवा रहा है।
समाज की प्रमुख मांगें
रविदास समाज के लोगों ने प्रशासन के सामने कुछ मुख्य मांगें रखी हैं —
शमशान घाट की जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को तुरंत रोका जाए।
पानी की टंकी का निर्माण पास की पहाड़ी क्षेत्र में किया जाए।
वर्तमान शमशान घाट को विकसित कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
समाज के नेताओं का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन ने इस मामले में उचित कदम नहीं उठाए, तो वे दोबारा उच्च न्यायालय की शरण लेने के साथ-साथ बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजर अब जिला प्रशासन के अगले निर्णय पर टिकी हुई है।
