Jabalpur News:इंडोनेशिया में चमका जबलपुर का सितारा,इंटरनेशनल बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारत ने 5-0 से जीता गोल्ड...

इंडोनेशिया में चमका जबलपुर का सितारा,इंटरनेशनल बॉल बैडमिंटन टेस्ट सीरीज में भारत ने 5-0 से जीता गोल्ड...

जबलपुर।अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक बार फिर भारत का परचम लहराया है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित बॉल बैडमिंटन इंटरनेशनल टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इस बड़ी जीत में जबलपुर के उभरते खिलाड़ी जेसन दीन की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे शहर में खेल प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है।

बाली में 14 से 19 फरवरी तक हुआ मुकाबला

जानकारी के अनुसार यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 14 फरवरी से 19 फरवरी के बीच इंडोनेशिया के बाली में आयोजित की गई थी। भारत और इंडोनेशिया के बीच खेले गए मुकाबलों में भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 5-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज की और गोल्ड मेडल हासिल किया।

जेसन दीन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण थी,क्योंकि इसी प्रदर्शन के आधार पर आगे होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन चैंपियनशिप के लिए चयन की संभावनाएं तय होती हैं।

मुख्यमंत्री से खेल प्रतिभाओं को सहयोग देने की अपील

जबलपुर के खिलाड़ी जेसन दीन ने इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और सहयोग देने की मांग भी की। उनका कहना है कि अगर खिलाड़ियों को सही संसाधन और मार्गदर्शन मिले तो मध्यप्रदेश के खिलाड़ी भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

जबलपुर लौटने पर हुआ भव्य स्वागत

इंटरनेशनल जीत के बाद जब जेसन दीन जबलपुर लौटे तो उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, मार्गदर्शक विवेक राम सोनकर, मेयर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, चंदन सोनकर, शिवम सोनकर और मित्र सारांश दीन को दिया।

भारतीय दल में इतने खिलाड़ी शामिल

इस अंतरराष्ट्रीय टेस्ट सीरीज के लिए भारत से कुल 40 सदस्यीय दल गया था, जिसमें

20 पुरुष खिलाड़ी

12 महिला खिलाड़ी

10 अधिकारी (ऑफिशियल) शामिल थे।

10-12 साल की मेहनत लाई रंग

जेसन दीन पिछले 10 से 12 वर्षों से बॉल बैडमिंटन खेल रहे हैं। ग्रेजुएशन के बाद उन्होंने पूरी तरह खेल पर ध्यान केंद्रित किया है। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और धैर्य से ही सफलता मिलती है।

आने वाले समय में सीनियर नेशनल और गोल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट होने वाले हैं, जिनमें खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे