शराबी कार चालक ने मचाया सड़क पर कहर,आबकारी आरक्षक समेत 4 घायल...
eaglenews24x7|जबलपुरजबलपुर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार चालक ने शहर के व्यस्त इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। बताया जा रहा है कि एमजी हेक्टर कार(MP53 CA 9214)ने भंवरताल गार्डन से लेकर रसल चौक और इनकम टैक्स ऑफिस के बीच कई वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने पहले सड़क पर ड्यूटी कर रहे आबकारी विभाग के आरक्षक को टक्कर मारी, इसके बाद एक कार और तीन मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ले लिया। बेकाबू कार अंततः सिंधिया पार्क की दीवार से टकराने के बाद रुकी।
हादसे में कई लोग घायल
इस दुर्घटना में आबकारी आरक्षक आदित्य कौरव,एक 14 वर्षीय किशोर समेत कुल चार लोग घायल हुए हैं।घायलों को तुरंत विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उनका इलाज जारी है।डॉक्टरों के अनुसार कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
शराब के नशे में था चालक
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया।उसकी पहचान अनुराग सोनी,निवासी कूड़ारी (थाना बरेला,जिला उमरिया)के रूप में हुई है।पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हादसे में उसे भी चोट लगी है और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार ने एक मोटरसाइकिल को काफी दूर तक घसीटा, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
ओमती थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने देर रात ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।

