Jabalpur News/Crime News/MP News/Mining News/Administration Action
हिरन नदी पर प्रशासन का बड़ा एक्शन:अवैध रेत कारोबारियों में मचा हड़कंप,80 ट्रॉली रेत जब्त...
कलेक्टर तक पहुंचीं शिकायतें,राजस्व-पुलिस-खनिज विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो डंपर और एक ट्रैक्टर जब्त
जबलपुर,पाटन।हिरन नदी से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की टीम ने पाटन एवं कटंगी क्षेत्र में एक साथ छापामार कार्रवाई कर अवैध परिवहन में लगे दो डंपर और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया, जबकि करीब 80 ट्रॉली अवैध रेत भंडारण पर भी कार्रवाई की गई।कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर एसडीएम पाटन मानवेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने हिरन नदी से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य मार्गों का औचक निरीक्षण किया। प्रशासनिक टीम के अचानक पहुंचने से अवैध कारोबारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई स्थानों पर वाहन चालक मौके से भागने का प्रयास करते नजर आए।
बिना अनुमति परिवहन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान कटंगी क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया, जिसे थाना कटंगी की अभिरक्षा में सौंप दिया गया। वहीं नुनसर टोल प्लाजा के पास दो डंपरों को रोका गया। जांच में एक डंपर बिना ट्रांजिट पास (टीपी) के रेत परिवहन करते पाया गया, जबकि दूसरा वाहन निर्धारित सीमा से अधिक रेत लेकर चल रहा था। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस चौकी नुनसर के सुपुर्द किया गया।
गांवों में मिला भारी मात्रा में अवैध स्टॉक
संयुक्त टीम ने ग्राम मड़वा और पिपरिया में भी कार्रवाई करते हुए लगभग 240 घन मीटर यानी करीब 80 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण चिन्हित किया। अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर रेत को जब्त कर लिया और संबंधित लोगों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार निगरानी की तैयारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हिरन नदी क्षेत्र में अवैध उत्खनन की गतिविधियों पर अब नियमित निगरानी रखी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि नदी क्षेत्र में खनिज संसाधनों की चोरी और राजस्व नुकसान रोकने के लिए आगे भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे।
कार्रवाई में ये अधिकारी रहे मौजूद
अभियान के दौरान एसडीएम मानवेंद्र सिंह के साथ तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी, नायब तहसीलदार जय सिंह धुर्वे, नायब तहसीलदार रश्मि चौधरी, खनिज निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग का अमला मौजूद रहा।

