Crime /Accident/Breaking News/Madhya Pradesh News
इथेनॉल प्लांट बना मौत का कुंआ:टैंक गिरने से दो मजदूरों की मौके पर मौत,सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल...
नरसिंहपुर के बचई स्थित प्लांट में बड़ा हादसा, काम के दौरान अचानक गिरा भारी साइलो;जांच में खुल सकते हैं बड़े लापरवाही के राज..
नरसिंहपुर।मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है,जहां बचई स्थित महाकौशल इथेनॉल प्लांट में काम के दौरान भारी साइलो (टैंक) गिरने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे हुआ,जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक एक विशाल साइलो/टैंक मशीन संतुलन खो बैठी और सीधे वहां काम कर रहे मजदूरों पर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों मजदूर मशीन के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही मुंगवानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय कर्मचारियों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान जगदीश यादव (32 वर्ष),निवासी खापा शेड और पवन ठाकुर (30 वर्ष),निवासी सिलवानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर मर्ग कायम कर लिया है।साथ ही घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।शुरुआती जांच में यह मामला लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।
इस हादसे के बाद सबसे बड़ा सवाल प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहा है। स्थानीय लोगों और मजदूरों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था।
प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।
