Jabalpur News /Government Scheme / Madhya Pradesh
PM स्वनिधि योजना में जबलपुर ने गाड़े झंडे,पूरे देश में हासिल किया तीसरा स्थान...
12,800 से ज्यादा रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को मिला लाभ,नगर निगम की उपलब्धि पर शहर में खुशी का माहौल...
Jabalpur News|संस्कारधानी जबलपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना(PM SVANidhi Scheme)के प्रभावी क्रियान्वयन में जबलपुर नगर निगम ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।ताजा राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मिली इस उपलब्धि के बाद नगर निगम और शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।इस योजना के जरिए शहर के हजारों छोटे व्यापारियों,ठेला संचालकों और फुटपाथ विक्रेताओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा काम किया गया है।
12 हजार से ज्यादा छोटे कारोबारियों को मिला फायदा
नगर निगम के अनुसार प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत जबलपुर में करीब 12,800 छोटे व्यापारियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।इनमें फुटपाथ विक्रेता,फेरी लगाने वाले,रेहड़ी और ठेला संचालक शामिल हैं।
योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को 15 हजार रुपये,25 हजार रुपये और 50 हजार रुपये तक का लोन दिया गया,जिससे वे अपने छोटे व्यापार को दोबारा शुरू करने और आगे बढ़ाने में सफल हुए।
महापौर बोले- यह पूरे शहर का सम्मान
इस उपलब्धि पर जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने खुशी जताते हुए कहा कि यह सिर्फ नगर निगम की नहीं बल्कि पूरे शहर की उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना ही योजना का मुख्य उद्देश्य है और जबलपुर ने इसे पूरी गंभीरता से लागू किया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की टीम लगातार मेहनत कर रही है ताकि शहर के जरूरतमंद छोटे कारोबारियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
आत्मनिर्भर भारत अभियान को मिली मजबूती
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है,जिसका उद्देश्य रेहड़ी-पटरी और छोटे व्यापारियों को बिना गारंटी आसान ऋण उपलब्ध कराना है।जबलपुर में इस योजना के सफल संचालन को आत्मनिर्भर भारत अभियान की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

