Jabalpur News|Gohalpur Thana Protest| Councillor vs Police Controversy
जबलपुर में पुलिस बनाम पार्षद टकराव:गोहलपुर थाने में हाईवोल्टेज ड्रामा,कार्रवाई की मांग पर धरना...
जबलपुर।गोहलपुर थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े राजनीतिक टकराव में बदल गया। भाजपा पार्षद बाबा श्रीवास्तव और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के बीच हुई बहस के बाद थाने परिसर में जमकर हंगामा हुआ। समर्थकों ने थाना घेरकर नारेबाजी की और संबंधित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे दिया।वाहन चेकिंग के दौरान बढ़ा विवाद
मिली जानकारी के अनुसार गोहलपुर थाना के बाहर पुलिस नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान पार्षद के परिजन की गाड़ी जांच के लिए रोकी गई। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंचे पार्षद ने वाहन छोड़ने की बात कही, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद एएसआई ने नियमानुसार कार्रवाई पूरी होने तक वाहन न जाने देने की बात कही।
यहीं से दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई और मामला गरमा गया।
पार्षद ने दी सख्त चेतावनी
विवाद के दौरान पार्षद बाबा श्रीवास्तव ने नाराजगी जताते हुए पुलिसकर्मी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
थाने में जुटे समर्थक,नारेबाजी से बढ़ा दबाव
घटना की खबर फैलते ही भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय पार्षद और समर्थक बड़ी संख्या में गोहलपुर थाना पहुंच गए। थाने के बाहर नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू हो गया। कुछ देर के लिए थाना परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। काफी देर तक समझाइश का दौर चलता रहा, जिसके बाद माहौल सामान्य हुआ।
कई सवाल छोड़ गया मामला
इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या पुलिस ने नियमों के तहत कार्रवाई की, या जनप्रतिनिधि के साथ अनुचित व्यवहार हुआ?फिलहाल शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

