Public Protest:सात साल की उपेक्षा पर फूटा अमखेरा का गुस्सा,सड़क पर उतरी महिलाएं,चक्काजाम कर दी आंदोलन की चेतावनी...

Jabalpur News/Civic Issues/Public Protest

सात साल की उपेक्षा पर फूटा अमखेरा का गुस्सा,सड़क पर उतरी महिलाएं,चक्काजाम कर दी आंदोलन की चेतावनी...

बिजली,सड़क और सुरक्षा की मांग को लेकर नागरिकों का उग्र प्रदर्शन,प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

जबलपुर।जबलपुर के अमखेरा क्षेत्र में वर्षों से बुनियादी सुविधाओं के अभाव से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा।कॉलोनी की महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सात साल से क्षेत्र में सड़क,नाली और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी की जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो नगर निगम ने समस्या का स्थायी समाधान किया और न ही जनप्रतिनिधियों ने उनकी परेशानियों को गंभीरता से लिया।

ढाई सौ से अधिक परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने बताया कि अमखेरा की इस कॉलोनी में करीब 250 से अधिक परिवार निवास करते हैं, लेकिन आज तक क्षेत्र का समुचित विकास नहीं हो पाया। बारिश के दिनों में सड़कें कीचड़ में तब्दील हो जाती हैं,जिससे बच्चों का स्कूल जाना तक मुश्किल हो जाता है।

लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था भी बेहद खराब है। आए दिन वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं,जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

महिलाओं ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

स्थानीय महिलाओं ने बताया कि क्षेत्र में शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगने लगता है।शराबखोरी और हुड़दंग के कारण महिलाएं और बच्चियां खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।कई बार शिकायत करने के बावजूद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क और स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण रात के समय हालात और भी खराब हो जाते हैं।

चक्काजाम कर प्रशासन को दी चेतावनी

नाराज नागरिकों ने प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यदि जल्द ही सड़क,बिजली और सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाने और उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।

आश्वासन के बाद खुला जाम

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया,जिसके बाद लोगों ने फिलहाल चक्काजाम समाप्त कर दिया।हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अब वे सिर्फ आश्वासन नहीं,बल्कि जमीन पर काम होते देखना चाहते हैं।

शहरी विकास के दावों पर उठे सवाल

अमखेरा की यह स्थिति शहर के विकास दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।एक तरफ स्मार्ट सिटी और शहरी विकास की बातें की जा रही हैं,वहीं दूसरी ओर सैकड़ों परिवार आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे