Jabalpur News/Corruption News/ Administration News
JDA में ‘दो समग्र आईडी’और भूमि आवंटन पर उठे सवाल, CEO दीपक वैद्य पर गंभीर आरोप...
जबलपुर।जबलपुर विकास प्राधिकरण (JDA) एक बार फिर विवादों में घिरता नजर आ रहा है। इस बार प्राधिकरण के सीईओ दीपक वैद्य और अमित धुर्वे पर भूमि आवंटन से जुड़े मामलों में अनियमितताओं और नियमों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।यह मामला तब सामने आया जब अधिवक्ता धर्मराज सिंह ने भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 75 के तहत आवेदन देकर JDA से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगीं।
दो समग्र आईडी को लेकर उठे सवाल
अधिवक्ता धर्मराज सिंह का आरोप है कि सीईओ दीपक वैद्य के नाम पर दो अलग-अलग समग्र आईडी बनी हुई हैं।•एक समग्र आईडी हरदा जिले की बताई जा रही है
•दूसरी समग्र आईडी सतना जिले से संबंधित बताई जा रही है
उनका कहना है कि एक वरिष्ठ अधिकारी और लोकसेवक के पास दो अलग-अलग समग्र आईडी होना कई तरह के संदेह पैदा करता है। उन्होंने सवाल उठाया है कि इन आईडी का उपयोग किस आधार और किस उद्देश्य से किया गया।
भूमि आवंटन प्रक्रिया पर भी सवाल
अधिवक्ता द्वारा JDA से कई बिंदुओं पर जानकारी मांगी गई है, जिनमें मुख्य रूप से:
•दीपक वैद्य की दोनों समग्र आईडी किन दस्तावेजों के आधार पर बनाई गईं
•JDA द्वारा किए गए भूमि आवंटन का प्रकाशन किस समाचार पत्र में हुआ
•संबंधित भूमि की लीज किस व्यक्ति या संस्था को दी गई
•क्या इस पूरी प्रक्रिया में निविदा (टेंडर) नियमों का पालन किया गया या नहीं
जवाब नहीं मिलने पर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी
अधिवक्ता धर्मराज सिंह का कहना है कि उन्होंने इस मामले में कई बार स्मरण पत्र और वैधानिक नोटिस भी भेजे हैं, लेकिन अब तक प्राधिकरण की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो वे मामले को लेकर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।


