भाई-दूज पर जेल में उमड़ा बहनों का स्नेह,खिड़की के जरिए हुई भाइयों से मुलाकात...
त्योहार के अवसर पर जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था, सुबह से ही बड़ी संख्या में पहुँचीं बहनें...
जबलपुर।होली के पावन पर्व के बाद मनाए जाने वाले भाई-दूज के अवसर पर जबलपुर में भी भाई-बहन के स्नेह का अनोखा दृश्य देखने को मिला। जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने के लिए बड़ी संख्या में बहनें पहुँचीं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस बार मुलाकात खिड़की के माध्यम से कराई गई, जहाँ बहनों ने अपने भाइयों को शुभकामनाएँ दीं और हालचाल जाना।सुरक्षा के बीच हुई मुलाकात
जेल प्रशासन के अनुसार, भाई-दूज के इस विशेष अवसर पर बंदियों और उनके परिजनों की मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। उप जेल अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते इस बार मुलाकात जालीदार खिड़की के माध्यम से कराई गई।
उन्होंने बताया कि वर्ष में केवल एक बार रक्षाबंधन के अवसर पर ही खुली मुलाकात की अनुमति दी जाती है, जिसमें बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकती हैं। जबकि भाई-दूज पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई।
सुबह से दोपहर तक चला मुलाकात का दौर
जेल प्रशासन द्वारा मुलाकात के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। त्योहार के कारण दूर-दराज क्षेत्रों से भी कई परिजन जेल पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों के अवकाश के चलते आज मुलाकात के लिए भीड़ अधिक रही,जिसके चलते अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं ताकि किसी को परेशानी न हो।
कोई बहन खाली हाथ न लौटे – जेल प्रशासन
जेलर मदन कमलेश ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार के इस अवसर पर कोई भी बहन अपने भाई से मिले बिना वापस न लौटे। यदि कोई परिजन निर्धारित समय के बाद भी पहुँचता है तो उसे शाम की ‘बगल मुलाकात’ के दौरान मिलने का अवसर दिया जाएगा।

