सिहोरा घटना पर बढ़ा विरोध,विश्व हिंदू संघ ने सौंपा ज्ञापन,कड़ी कार्रवाई की मांग...
जबलपुर।सिहोरा में 19 फरवरी को हुई घटना के बाद शहर में विरोध और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज होती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में विश्व हिंदू संघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है।संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि मध्य प्रदेश को शांति का प्रदेश माना जाता है और यहां किसी भी प्रकार की हिंसा या उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में पुलिस की अब तक की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया कि यदि किसी निर्दोष व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तो उसे तुरंत राहत दी जानी चाहिए।
निर्दोषों को राहत और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
विश्व हिंदू संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि घटना के दौरान जिन लोगों ने शांति भंग करने की कोशिश की, उनकी पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने यह भी मांग की कि यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाए।
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की अपील
संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि मामले की जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए। साथ ही ज्ञापन में यह भी कहा गया कि घटना के पीछे यदि कोई साजिश है तो उसके मुख्य आरोपियों को चिन्हित कर सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

