Jabalpur News:पनागर तहसील की अनियमितताओं पर भड़के किसान,SDM को सौंपा ज्ञापन...

पनागर तहसील की अनियमितताओं पर भड़के किसान, SDM को सौंपा ज्ञापन...

जबलपुर।पनागर तहसील में प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संगठन ने विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने एसडीएम जबलपुर को ज्ञापन सौंपकर तहसील कार्यालय के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाए और तत्काल सुधार की मांग की।

किसान संगठन के प्रतिनिधि विवेक पटेल ने बताया कि तहसील में राजस्व से जुड़े कार्य समय पर नहीं हो रहे हैं, जिससे किसानों को बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं रहते।

किसानों ने उठाए ये प्रमुख मुद्दे

पटवारी और राजस्व निरीक्षक (RI) के समय पर कार्यालय में नहीं बैठने की शिकायत।

तहसीलदार के सप्ताह में सीमित दिनों तक ही कार्यालय में उपलब्ध रहने का आरोप।

तहसील परिसर में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की कमी।

महिलाओं के लिए उचित टॉयलेट व्यवस्था नहीं।

नामांतरण, फौती दर्ज और किसान बहियों में सुधार जैसे कार्यों में लंबित मामले।

किसानों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई बार उन्हें कई दिनों तक तहसील के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

प्रशासन ने लिया संज्ञान

ज्ञापन मिलने के बाद एसडीएम जबलपुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पनागर तहसील से तत्काल जानकारी मांगी है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्थिति की समीक्षा के लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।

किसानों को आश्वासन दिया गया है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान निकालने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।


Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे