MP News|Shahdol News|MP Police
शहडोल में दर्दनाक हादसा:तालाब में डूबने से तीन नाबालिगों की मौत,एक किशोर ने बचाई जान
चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास हुआ हादसा, पुलिस पेट्रोलिंग वाहन देखकर तालाब में कूदने की बात अपुष्ट;पुलिस जुटी जांच में
शहडोल।मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब में डूबने से तीन नाबालिग किशोरों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद चौथे किशोर ने तैरकर अपनी जान बचा ली।
पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदने की सामने आई बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चारों किशोर तालाब के किनारे मौजूद थे। इसी दौरान वहां पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन पहुंचा। बताया जा रहा है कि पुलिस वाहन को देखकर चारों किशोरों ने तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, इस घटनाक्रम और तालाब में कूदने के पीछे की वजह की पुलिस ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रेस्क्यू अभियान में तीनों किशोरों के शव बरामद
घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीम ने तालाब में तलाश करते हुए तीनों नाबालिगों के शव बाहर निकाले। वहीं, चौथा किशोर तैरकर सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जाहिर की। घटना के दौरान अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए गए।
एसपी ने दिए जांच के संकेत,पता लगाया जा रहा हादसे का कारण
शहडोल पुलिस अधीक्षक डॉ.संजय कुमार अग्रवाल के मुताबिक, किशोरों के तालाब में कूदने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
तीन परिवारों में पसरा मातम
तीन नाबालिगों की असमय मौत से उनके परिवारों में दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिरकार तालाब में यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
