Jabalpur News/Political News/Legal News
विवेक तन्खा ने वापस लिया मानहानि का केस,शिवराज सिंह चौहान समेत तीन भाजपा नेता दोषमुक्त...
जबलपुर। राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक कृष्ण तन्खा द्वारा भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ दायर किया गया मानहानि का मामला अब समाप्त हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के सुझाव के बाद तन्खा ने अपना केस वापस ले लिया, जिसके बाद एमपी-एमएलए कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह को दोषमुक्त कर दिया।यह मामला लंबे समय से राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ था।
क्या था पूरा विवाद
दरअसल यह मामला ओबीसी आरक्षण से जुड़ा था। विवेक तन्खा का आरोप था कि भाजपा नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से यह कहा गया कि उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में ओबीसी आरक्षण पर स्टे लगवाया है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा।
इसी आरोप को लेकर तन्खा ने तीनों नेताओं के खिलाफ सिविल और क्रिमिनल मानहानि का केस दायर किया था।
सुप्रीम कोर्ट के सुझाव के बाद लिया फैसला
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के अधिवक्ता श्याम सुंदर यादव के अनुसार, विवेक तन्खा शुरू से ही ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के पक्षधर रहे हैं और इस मुद्दे पर उन्होंने अदालत में कई बार पैरवी भी की है।
उन्होंने बताया कि मामला अभी ट्रायल स्टेज पर था और आगे कानूनी प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के सुझाव के बाद तन्खा ने बड़े दिल का परिचय देते हुए केस वापस लेने का निर्णय लिया।
एमपी-एमएलए कोर्ट ने किया दोषमुक्त
यह प्रतिवेदन विशेष न्यायाधीश डी.पी. सूत्रकार की अदालत में प्रस्तुत किया गया। अदालत ने इसे स्वीकार करते हुए शिवराज सिंह चौहान, वीडी शर्मा और भूपेंद्र सिंह को दोषमुक्त घोषित कर दिया।
इस फैसले के बाद यह कानूनी विवाद पूरी तरह समाप्त हो गया है।

