जबलपुर:ससुराल पक्ष की धमकियों से परेशान पति पहुँचा एसपी दफ्तर,झूठे केस में फँसाने की आशंका...

Crime News / Jabalpur News

ससुराल पक्ष की धमकियों से परेशान पति पहुँचा एसपी दफ्तर,झूठे केस में फँसाने की आशंका...

जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र के व्हीकल मड़ई निवासी युवक सागर कोल ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पत्नी और ससुराल पक्ष पर झूठे मामले में फँसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जबलपुर|Eagle News24x7

संस्कारधानी जबलपुर में वैवाहिक विवाद का एक मामला सामने आया है,जहां पत्नी और ससुराल पक्ष की कथित धमकियों से परेशान एक युवक न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। युवक ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार रांझी थाना क्षेत्र के व्हीकल मड़ई निवासी सागर कोल ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी पत्नी अंजलि कोल अक्सर विवाद करती है और अब मायके पक्ष के साथ मिलकर उस पर घर जमाई बनकर रहने का दबाव बना रही है।

पीड़ित युवक का कहना है कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है और हमेशा पत्नी की जरूरतों को पूरा करने का प्रयास करता रहा है। इसके बावजूद लगातार विवाद और मानसिक दबाव के कारण वह काफी परेशान हो चुका है।

झूठे केस में फँसाने की धमकी का आरोप

सागर कोल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि जब भी वह पत्नी को वापस लाने की कोशिश करता है, तो उसके ससुर द्वारा उसे झूठे मामलों में फँसाने की धमकी दी जाती है। युवक के अनुसार ससुर खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहते हैं कि पुलिस-प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पुलिस ने शुरू की जांच

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने एसपी कार्यालय में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे