Crime News / Jabalpur News
खुद को वकील बताकर लोगों को करता था गुमराह, अधिवक्ताओं ने एसपी से की FIR की मांग...
जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने अधिवक्ता समुदाय को नाराज कर दिया है। आरोप है कि एक व्यक्ति खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को गुमराह कर रहा था, जबकि वह बार काउंसिल में पंजीकृत वकील ही नहीं है।इस मामले में अधिवक्ता दीपक कुमार पटेल ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर ब्रजेश उपाध्याय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
नशे में गाड़ी चलाते हुए टक्कर मारने का आरोप
शिकायत के अनुसार घटना 5 मार्च की रात की बताई जा रही है। आरोप है कि ब्रजेश उपाध्याय कथित रूप से नशे की हालत में कार चला रहा था, इसी दौरान उसने अधिवक्ता दीपक पटेल और एक अन्य व्यक्ति की गाड़ी को टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि जब उसे रोका गया तो उसने खुद को अधिवक्ता बताते हुए धमकी देना शुरू कर दिया।
बार पदाधिकारियों से जानकारी लेने पर खुला मामला
घटना के बाद जब अधिवक्ताओं ने इस मामले की जानकारी बार पदाधिकारियों से ली, तो पता चला कि ब्रजेश उपाध्याय पंजीकृत अधिवक्ता नहीं है।
हैरानी की बात यह भी बताई जा रही है कि उसकी कार पर “एडवोकेट” का मोनो भी लगा हुआ था, जिससे आम लोगों को भ्रमित किया जा रहा था।
अधिवक्ताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
अधिवक्ता दीपक कुमार पटेल का आरोप है कि ब्रजेश उपाध्याय इस तरह लोगों को गुमराह कर अधिवक्ता समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति वकील बनकर लोगों को भ्रमित न कर सके।
अब पुलिस कार्रवाई पर टिकी नजर
फिलहाल अधिवक्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज करा दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज कर क्या कार्रवाई करती है।

