बिहार की महिलाएं जानती हैं कि शराबबंदी के नाम पर उन्हें छला गया: अलका लांबा


पटना । कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि शराबबंदी के नाम पर बिहार की महिलाओं को छला गया है, महिलाएं इसे भलीभांति जानती हैं। कहा कि बिहार देश का ऐसा राज्य है, जहां महिलाएं पुरुषों से अधिक मतदान करती हैं। बिहार में महिलाएं जिधर, सरकार उसकी बननी तय है। उन्होंने कहा कि कोई भी दल हो, दुष्कर्म के आरोपितों को जनता अपना कीमती वोट न दें। वह शनिवार को स्थानीय होटल में मुजफ्फरपुर रवाना होने के पूर्व प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रही थीं। बिहार की बेटियों की चित्कार कौन सुनेगा, महिला सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की बात जो करते हैं उन्हीं की पार्टी ने तत्कालीन समाज कल्याण मंत्री को उम्मीदवार बना दिया। निराश्रित बालिका जिन्हें आश्रय की जरूरत थी, उनकी चित्कार कौन सुनेगा। एनसीआरबी तथा बिहार राज्य महिला आयोग के आंकड़ों के हवाले से उन्होंने दावा किया कि लॉकडाउन में महिलाओं के प्रति हिंसक अपराध में वृद्धि हुई है। उन्होंने कांग्रेस की घोषणा पत्र का भी जिक्र किया और इंदिरा पुलिस वाहिनी के गठन, पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई सहित अन्य बातों का उल्लेख किया। प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस के मीडिया समन्वयक संजीव, प्रवक्ता अंशुल अभिजीत, राजेश राठौर व अन्य नेता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे