ट्रम्प पर अश्वेतों से नफरत का आरोप:किताब में दावा- ट्रम्प ने ओबामा को नीचा दिखाने के लिए उनके हमशक्ल को नौकरी पर रखा, मंडेला को भी नेता नहीं मानते


"अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प देश और दुनिया के अश्वेत नेताओं के लिए अक्सर नस्लीय टिप्पणी करते थे। ट्रम्प के अंदर पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के लिए नफरत कूट-कूट कर भरी है। वे नेल्सन मंडेला को नेता तक नहीं मानते।" ये बातें ट्रम्प के निजी वकील रह चुके माइकल कोहेन ने अपनी किताब में लिखी हैं। कोहेन ने ट्रम्प के साथ एक दशक तक काम किया है।

कोहेन की किताब का नाम ‘डिसलॉयल: अ मेमोयर’ है। यह मंगलवार को पब्लिश होगी। न्यूयॉर्क टाइम्स का दावा है कि उसे किताब की एक कॉपी पहले ही मिल चुकी है। इस किताब में ट्रम्प को लालची और कानून में भरोसा न रखने वाला इंसान बताया गया है। किताब के मुताबिक- ट्रम्प विरोध करने वाले के खिलाफ कोई भी हथकंडा अपना सकते हैं। ट्रम्प रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की देश को खुद की जागीर समझने की सोच की तारीफ करते थे।

ओबामा को नीचा दिखाने की चाह
किताब के मुताबिक- ट्रम्प के मन में ओबामा के लिए गलत भावनाएं थीं। उन्हें नीचा दिखाने के लिए ट्रम्प ने ओबामा जैसे दिखने वाले एक शख्स को नौकरी पर रखा। एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें वह उस शख्स को नौकरी से निकालते दिख रहे हैं। यह सब उन्होंने अपनी इच्छा पूरी करने के लिए किया। कोहेन लिखते हैं- फर्जी ओबामा रखने की यह बात 2012 की है। ट्रम्प रिपब्लिकन प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट मिट रॉम्नी के लिए प्रचार कर रहे थे। यह वीडियो को उस साल रिपब्लिकन के कन्वेन्शन में दिखाया जाना था।

अश्वेतों के बारे में ओछी सोच
कोहेन के मुताबिक- ट्रम्प ने कई बार अश्वेतों के बारे में ओछा सोच जाहिर किया। उनकी संस्कृति और संगीत तक का अपमान किया। एक बार तो दक्षिण अफ्रीका को गोरों की गुलामी से आजादी दिलाने के लिए आंदोलन चलाने वाले नेल्सन मंडेला को नेता मानने तक से इनकार कर दिया था।
कोहेन ट्रम्प को कोट करते हुए लिखते हैं- अश्वेतों के शासन वाला कोई भी एक ऐसा देश बता दें जो बेकार न हो। ट्रम्प ने अपने रियलिटी टीवी शो 'द अप्रेंटिस' में अश्वेत कंटेस्टेंट क्वैम जैक्सन के बारे में भी अपमानजनक टिप्पणी की थी। उनके अंदर अश्वेत सेलेब्रिटीज और खिलाड़ियों के लिए भी कुछ ऐसे ही ख्याल थे।

एडल्ट स्टार से अफेयर की बात बताई
कोहेन ने किताब में 2016 की वह बात भी बताई है, जब ट्रम्प के साथ अफेयर होने का दावा करने वाली एडल्ट स्टार को पैसे देने में मोलभाव किया गया था। उन्होंने बताया कि ट्रम्प ऑर्गनाइजेशन से जुड़े अधिकारी ने उनसे इस पर बात की थी। ट्रम्प ने 2016 के रिपब्लिकन प्राइमरी के दौरान राष्ट्रीय जांच कमेटी की रिपोर्ट को हथियार की तरह इस्तेमाल किया था।

ट्रम्प की प्रेस सेक्रेटरी ने कहा- दावे झूठे
कोहेन की किताब में किए गए दावों को ट्रम्प की प्रेस सेक्रेटरी कैली मैकनेनी ने मानने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा- माइकल कोहेन बदनाम वकील हैं। उन्होंने कांग्रेस (संसद) से झूठ बोला। वो अपना भरोसा खो चुके हैं। अगर वह अपने झूठ से फायदा उठाने की नई कोशिश कर रहे हैं तो इसमें कोई हैरानी नहीं है।

खुद से जुड़े सवालों के जवाब दिए
कोहेन ने इस किताब के जरिए खुद से जुड़े सवालों का जवाब देने की भी कोशिश की है। कोहेन ने लिखा है कि उन्होंने कई झूठ बोले, लेकिन ट्रम्प के कहने पर। ये झूठ जांच के दौरान ट्रम्प को बचाने या फिर उन्हें (ट्रम्प को) सुर्खियों में लाने के लिए बोले। कोहेन को 2018 में कुछ आर्थिक अपराधों में दोषी पाया गया था। वे एडल्ट फिल्मों की एक्ट्रेस रह चुकीं स्टेफनी क्लिफोर्ड को पैसे देने में नियमों को तोड़ने के भी दोषी करार दिए गए थे। किताब में कोहेन कहते हैं कि वे निर्दोष हैं और उन्हें अमेरिकी सरकार ने इसमें फंसाया। उनकी पत्नी तक को धमकी दी गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
eaglenews24x7

क्या कहते है सितारे